चंडीगढ़, 16 मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने लोगों से विदेश यात्राएं नहीं करने की अपील की, जबकि खुद विदेश जाना बंद नहीं किया है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच, मोदी ने ईंधन के विवेकपूर्ण इस्तेमाल, सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने का आह्वान किया है।
उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने और घर से काम करने का भी आग्रह किया।
मान ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘सबसे पहले प्रधानमंत्री को अपनी विदेश यात्राएं रोकनी चाहिए। वह अभी कहां हैं? वह नीदरलैंड गए हैं। वह 3-4 और देशों का दौरा करेंगे। उन्होंने लोगों से विदेश यात्रा से बचने के लिए कहा था, लेकिन वह स्वयं (विदेश) चले गए। आप सब कुछ बंद कर रहे हैं… सोना न खरीदें, विदेश यात्राएं न करें, घर से काम करें।’’
मुख्यमंत्री ने मोदी की अपील को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री घर से काम क्यों नहीं करते?’’ उन्होंने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने पूछा, ‘‘हमें ‘विश्वगुरु’ बनना था, लेकिन हम ‘विश्वचेले’ बन गए हैं। युद्ध कहीं और हो रहा है, लेकिन प्रतिबंध यहां लगाए जा रहे हैं। किसी अन्य देश ने ऐसा (प्रतिबंध) क्यों नहीं लागू किया?’’
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण ईंधन के खुदरा विक्रेताओं को हो रहे भारी नुकसान के मद्देनजर, शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। देश में चार साल से अधिक समय बाद कच्चे तेल के दाम में यह पहली बढ़ोतरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक अपील के बाद अपने काफिले का आकार कम कर दिया। इससे प्रेरित भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य नेताओं ने भी इन उपायों को अपनाया।
मौजूदा भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के छह-दिवसीय यात्रा पर हैं।
मान ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पंजाब में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 15 जून से शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि पंजाब में यह नकारात्मकता फैले कि वास्तविक मतदाताओं का नाम हटा दिया गया है और फर्जी मतदाता जोड़े जा रहे हैं, या किसी विशेष पार्टी के समर्थकों के वोटों को हटा दिया गया है या फर्जी मतदाता जोड़े जा रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम स्वयं निगरानी करेंगे (एसआईआर), हमारे बूथ स्तर के एजेंट और हमारे स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। किसी भी पात्र नागरिक का नाम नहीं हटाया जाएगा। इसके लिए हम निर्वाचन आयोग के संपर्क में हैं।’’
मान ने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) इन चुनावों में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि आप पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत करेगी।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश