देहरादून, 30 जून (भाषा) उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच गया और झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई।
देहरादून मौसम केंद्र ने मानसून के राज्य के ज्यादातर हिस्सों में पहुंचने की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी दो-तीन दिनों में मानसून के राज्य के शेष भागों में भी पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को देहरादून में 57.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी जबकि चंपावत में 60 मिलीमीटर, कालसी में 49 मिलीमीटर और चकराता में 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी।
मौसम केंद्र के मुताबिक, देहरादून एवं बागेश्वर जिलों में बुधवार को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त करते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं दिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ एवं हरिद्वार मे कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून में मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से क्रमश: दो और तीन डिग्री अधिक है।
भाषा दीप्ति अमित
अमित