नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ‘विश्व हाथी दिवस’ के मौके पर कहा कि दुनिया के 60 प्रतिशत से ज़्यादा जंगली एशियाई हाथी भारत में पाये जाते हैं और उनके लिए देश में 33 अभयारण्य हैं जो उनके दीर्घकालिक संरक्षण प्रयासों को मजबूत करते हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,‘‘ विश्व हाथी दिवस पर, हम विशाल एवं शानदार हाथी का जश्न मनाते हैं जो भारत की पारिस्थितिक विरासत का एक अभिन्न अंग रहा है।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘ हमें उन सभी वन कर्मियों, वैज्ञानिकों, पशु चिकित्सकों, महावतों और स्थानीय समुदायों पर भी गर्व है जो ऐसी सभी कोशिशों का अहम हिस्सा हैं।’’
हर साल 12 अगस्त को ‘विश्व हाथी दिवस’ मनाया जाता है। इस साल इस मौके पर, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने हाथियों और इंसानों के लिए एक साझा भविष्य सुरक्षित करने के भारत के संकल्प को दोहराया।
यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित 150 हाथी गलियारों (कॉरिडोर), आबादी की बेहतर निगरानी और दृढ़ उपायों के माध्यम से हाथियों के संरक्षण को लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब हम हाथियों का भविष्य सुरक्षित करते हैं तो हम अपने जंगलों, जैव-विविधता और पारिस्थितिक विरासत को भी सुरक्षित करते हैं। आइए हम यह सुनिश्चित करें कि हाथी आने वाली पीढ़ियों तक भारत के जंगलों और इलाकों में आजादी से घूमते रहें।’’
‘सिंक्रोनस ऑल इंडिया पॉपुलेशन एस्टीमेशन ऑफ़ एलिफेंट्स 2021–25’ के अनुसार, भारत में 22,000 से ज़्यादा जंगली हाथी हैं।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश