जम्मू, तीन फरवरी (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के सदस्यों ने जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने और देश के कुछ हिस्सों में कश्मीरियों के कथित उत्पीड़न को समाप्त करने की मांग को लेकर विधानसभा के सामने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया।
विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले नेकां विधायकों को ‘‘राज्य का दर्जा और संवैधानिक गारंटी बहाल करो’’ तथा ‘‘जम्मू कश्मीर के बाहर कश्मीरियों को परेशान करना बंद करो’’ लिखे हुए पोस्टर लिए देखा गया।
उन्होंने राज्य का दर्जा बहाल करने और केंद्र शासित प्रदेश के बाहर रहने वाले कश्मीरियों की सुरक्षा की मांग करते हुए नारेबाजी की।
मंत्री सतीश शर्मा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हम राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग के समर्थन में धरने पर बैठे हैं।’’
पार्टी विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि नेकां के सभी सदस्य विरोध प्रदर्शन में भाग ले रहे हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमसे यह वादा किया गया था… अब इसे बहाल करने का समय आ गया है।’’
सादिक ने जम्मू कश्मीर के बाहर कश्मीरियों के कथित उत्पीड़न का मुद्दा भी उठाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह से राज्यों को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश देने की अपील की।
विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर सदन में नेकां विधायक मुबारक गुल और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) विधायक वाहिद-उर-रहमान पारा ने कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाया।
उत्तराखंड के देहरादून जिले में 28 जनवरी को शॉल बेचते समय कुछ लोगों के समूह द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले के बाद 18 वर्षीय एक कश्मीरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य राज्यों में भी कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की खबरें आई हैं।
भाषा यासिर गोला
गोला