राजग नेताओं ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान बनाने पर मोदी को सम्मानित किया

राजग नेताओं ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान बनाने पर मोदी को सम्मानित किया

राजग नेताओं ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री का कीर्तिमान बनाने पर मोदी को सम्मानित किया
Modified Date: June 10, 2026 / 08:40 pm IST
Published Date: June 10, 2026 8:40 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निर्बाध सबसे लंबे समय तक देश की सेवा करने का कीर्तिमान बनाने पर बुधवार को नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा की।

केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और गठबंधन में शामिल घटक दलों के नेताओं ने मोदी को स्थिर सरकार देने, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ाने का श्रेय दिया।

नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में राजग के सहयोगी दलों की बैठक में शामिल नेताओं ने अपनी यह राय रखी। यह बैठक सत्तारूढ़ गठबंधन के 12 साल पूरे होने और मोदी के निर्बाध रूप से भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजग नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की उपलब्धि ऐसे दौर में जनता के लगातार समर्थन को दर्शाती है, जब राजनीति को कामकाज के आधार पर आंका जाता है।

शाह ने कहा, ‘‘आज मोदी जी ने 62 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आजादी के शुरुआती सालों में कोई वास्तविक राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं थी और आजादी का पूरा श्रेय कांग्रेस को मिला। लेकिन आज के दौर में, जब राजनीति काम के आधार पर होती है, लोगों का बार-बार समर्थन मिलना यह दिखाता है कि मोदी जी का सफर लोकतांत्रिक स्वीकृति और समर्थन का भी सफर है।’’

उन्होंने कहा कि मोदी का कार्यकाल राजनीतिक स्थिरता, नीति बनाने और उसे लागू करने, मजबूत विदेश नीति और देश के सम्मान व सुरक्षा की रक्षा करने वाली रक्षा नीति के लिए सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।

शाह ने कहा, ‘‘आपके नेतृत्व में जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टीकरण की राजनीति खत्म हो गई है और काम-काज पर आधारित राजनीति स्थापित हुई है।’’

केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण ने देश में आत्मविश्वास जगाया है और ‘‘सामूहिक हीन भावना’’ से उबरने में मदद की है।

शाह ने पिछले 12 वर्षों में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए संपर्क, बुनियादी ढांचे, निर्यात, नवाचार और स्टार्टअप विकास में हुई प्रगति का उल्लेख किया, साथ ही देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को भी रेखांकित किया।

उन्होंने रेखांकित किया कि 292 लोकसभा सदस्यों, 144 राज्यसभा सदस्यों , 2,315 विधायकों और 222 से ज़्यादा विधान परिषद सदस्यों के साथ, राजग का आज भारत के लगभग 80 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र पर शासन है।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत का सुरक्षा ढांचा काफी मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी नीति साफ है। हम किसी को उकसाएंगे नहीं, लेकिन अगर कोई हमें उकसाता है, तो हम उसे बख्शेंगे नहीं।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भारत के दुश्मनों को कड़ा जवाब दिया जाएगा।

सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत की नीति न तो अहंकार से बात करने की है और न ही झुककर बात करने की, बल्कि दुनिया के साथ बराबरी के स्तर पर जुड़ने की है।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने मोदी के नेतृत्व और देश के विकास में उनके योगदान की तारीफ की और कहा कि जनसेवा और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बेमिसाल है।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी, आप इस सदी का नेतृत्व कर रहे हैं।’’

नायडू ने कहा कि मोदी ने आधारभूत अवसंरचना निर्माण और कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के मामले में नए मानक स्थापित किए हैं।

तेदपा अध्यक्ष कहा, ‘‘हम सभी, यानी पूरा राजग आप पर गर्व करते हैं। आपके नेतृत्व में हम देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

पश्चिम बंगाल में भाजपा की हालिया जीत का जिक्र करते हुए नायडू ने भरोसा जताया कि राज्य भारत की विकास यात्रा में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में भाजपा को जो ज़बरदस्त समर्थन मिला, उससे मुझे यकीन हो गया है कि बंगाल आज जो सोचता है, बाकी देश कल वही सोचता है। आज मैं कह सकता हूं, प्रधानमंत्री जी, आपके नेतृत्व में बंगाल देश के विकास का प्रतिनिधित्व करेगा।’’

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा कि मोदी 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं और आत्मविश्वास के प्रतीक के रूप में उभरे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आप 1.4 अरब भारतीयों के आत्म-सम्मान का प्रतीक हैं और वैश्विक मंच पर भारत के सम्मान का प्रतिनिधित्व करते हैं।’’

शिंदे ने महाराष्ट्र के विकास के लिए बड़ी वित्तीय सहायता देने का श्रेय भी मोदी को दिया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर महाराष्ट्र को विकास के लिए सबसे ज़्यादा आर्थिक मदद मिली है, तो यह मोदी जी की वजह से है।’’

केंद्रीय मंत्री और जनता दल सेक्युलर नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा कि यह उपलब्धि मोदी के नेतृत्व में लोगों के अटूट भरोसे को दर्शाती है।

कुमारस्वामी ने कहा, ‘‘यह उनके नेतृत्व में लोगों के अटूट भरोसे का प्रतीक है।’’

उन्होंने भरोसा जताया कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का लक्ष्य सिर्फ मोदी के नेतृत्व में ही हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने राज्यों में तेजी से हो रहे विकास का श्रेय प्रधानमंत्री को दिया।

कुमारस्वामी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने राज्यों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता बढ़ाई है और साथ ही देश भर में विकास परियोजनाओं को तेज़ी से लागू करना सुनिश्चित किया है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में