नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) नोरा फतेही कनाडा में फीफा के मंच पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। टोरंटो में 12 जून को होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन समारोह में वह दुनिया के दिग्गज कलाकारों के साथ प्रस्तुति देती नजर आएंगी।
फीफा विश्व कप के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शनिवार को इसकी घोषणा की गई। पोस्ट में नोरा फतेही समेत समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के नाम साझा किए गए। नोरा टोरंटो के बीएमओ फील्ड में माइकल बुबले, एलानिस मॉरिसेट, एलेसिया कारा, एलियाना, जेसी रेयेज, संजॉय, वेजीड्रीम और विलियम प्रिंस के साथ मंच साझा करेंगी।
नोरा ने भी अपने इंस्टाग्राम पर पोस्टर साझा करते हुए इस खबर की पुष्टि की और इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया।
उन्होंने लिखा, “अब यह आधिकारिक हो चुका है! मुझे गर्व है कि मैं एक बार फिर इतिहास के सबसे बड़े फीफा विश्व कप का हिस्सा बनने जा रही हूं। हम पूरी तरह तैयार हैं…।”
इससे पहले नोरा 2022 में कतर में आयोजित फीफा विश्व कप के समापन समारोह में भी प्रस्तुति दे चुकी हैं।
भाषा
खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल