बालासोर (ओडिशा), 11 जून (भाषा) रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा प्रस्तावित मिसाइल परीक्षण के मद्देनजर बालासोर जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण क्षेत्र के लॉन्च पैड-3 के 3.5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 11 गांवों से 11,442 लोगों को अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
प्रशासन ने मिसाइल या परीक्षण की प्रकृति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन निवासियों से राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
एक राजस्व अधिकारी ने बताया कि सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों को बर्धनपुर, भीमपुर और टुंड्रा गांवों के बहुउद्देशीय चक्रवात केंद्रों और निधिपाड़ा सेवाश्रम में ठहराया गया है।
उन्होंने बताया, ‘‘ सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए लोगों को खाना, पीने का पानी और दूसरी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्हें उस दिन के लिए मेहनताना भी दिया जा रहा है।’’
स्थानीय निवासियों को बुधवार को उनके घरों से दूसरी जगह भेजा गया था और पूर्वनिर्धारित परीक्षण के बाद शाम को उन्हें वापस आने की अनुमति दे दी गई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘डीआरडीओ से विचार-विमर्श के बाद एहतियाती कदम के तौर पर लोगों को वहां से स्थानांतरित किया गया।’’
उन्होंने बताया कि बालासोर, भद्रक और केंद्रपाड़ा जिलों के तटीय क्षेत्र में रहने वाले मछुआरों को भी एहतियातन परामर्श दिया गया कि वे दिन के समय समुद्र में न जाएं।
भाषा धीरज नरेश
नरेश