भुवनेश्वर, 18 सितंबर (भाषा) ओडिशा सरकार ने अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित नगरपालिकाओं, अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (एनएसी) और नगर निगमों के चुनाव के लिए शुक्रवार को वार्ड परिसीमन और सीट आरक्षण की समय-सारणी में संशोधन किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आवास एवं शहरी विकास (एचयूडी) विभाग ने संशोधित समय-सारणी के संबंध में जिलाधिकारियों को सूचित कर दिया है। इसमें पुरानी समयसीमा आंशिक बदलाव किए गए हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिलाधिकारी 24 सितंबर को वार्ड परिसीमन और सीट आरक्षण की मसौदा अधिसूचना प्रकाशित करेंगे, जिस पर जनता से आपत्तियां और सुझाव मांगे जाएंगे। आपत्तियां और सुझाव दर्ज कराने की अंतिम तिथि तीन अक्टूबर है।
सभी प्रक्रियाओं और अपीलों के निपटारे के बाद वार्ड सीमाओं के पुनर्निर्धारण और सीट आरक्षण की अंतिम अधिसूचना 31 अक्टूबर को जिलाधिकारियों द्वारा प्रकाशित की जाएगी।
वहीं भुवनेश्वर, कटक, बरहामपुर और राउरकेला नगर निगमों के लिए अलग समय-सीमा तय की गई है, जहां विभाग पांच अक्टूबर को प्रस्तावित वार्ड परिसीमन और सीट आरक्षण की मसौदा अधिसूचना प्रकाशित करेगा, जिस पर जनता 14 अक्टूबर तक अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकती है।
भाषा
सुमित माधव
माधव