पुरी, 13 जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस ने पुरी में रथ यात्रा उत्सव से पहले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के बीच साइबर अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने की पहल की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, होटल मालिकों, स्थानीय लोगों और अन्य संबंधित लोगों के बीच साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाने एवं उन्हें साइबर खतरों के बारे में जागरूक करने के लिए ‘साइबर साथी वाहन’ शुरू किया है। रथयात्रा 16 जुलाई को होगी।
अपराध शाखा के अपराध अन्वेषण विभाग ने एक बयान में कहा है कि उसने साइबर सुरक्षा के लिए एक अभियान शुरू किया है और एक टीम ने पुरी में बड़े पैमाने पर जागरूकता गतिविधियां शुरू कर दी हैं।
टीम पुरी के सात प्रमुख होटलों में गयी तथा उसने उनके प्रबंधन को रथ यात्रा के दौरान पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को निशाना बनाने वाले होटल बुकिंग ‘स्कैम’ के बारे में जागरूक किया है।
इस अभियान के शुरू होने के बाद से, नौ फर्जी होटल ‘वेबपेज’ हटा दिए गए हैं और पुरी रथ यात्रा से जुड़ी गुमराह करने वाली जानकारी फैलाने और प्रसाद वितरण के लिए चंदा मांगने वाले 16 ‘यूआरएल’ प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।
ओडिशा पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सतर्क रहने, साइबर सुरक्षा संबंधी परामर्शों का पालन करने, केवल प्रामाणिक स्रोतों से ही होटलों की बुकिंग करने और एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित तथा साइबर-जागरूक रथ यात्रा-2026 सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप