नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार ने सोमवार को बुजुर्ग मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए द्वारका के एक सरकारी अस्पताल में विशेष बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की शुरुआत की।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इंदिरा गांधी अस्पताल में इस सुविधा का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने किया।
बयान में कहा गया है कि यह समर्पित ‘जेरियाट्रिक क्लिनिक’ (वृद्ध चिकित्सा क्लिनिक) 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करेगा और इसमें अलग पंजीकरण, प्राथमिकता के आधार पर ओपीडी परामर्श, तथा सेवाओं व उपचार तक तेजी से पहुंच की सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए समय पर, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सिंह ने कहा, ‘हमारे वरिष्ठ नागरिक गरिमा, सम्मान और प्राथमिकता के साथ स्वास्थ्य सेवा के हकदार हैं। यह ओपीडी प्रत्येक बुजुर्ग मरीज के लिए निर्बाध और सहानुभूतिपूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम है।’
भाषा नोमान नोमान वैभव
वैभव