भुवनेश्वर, 30 जून (भाषा) ओडिशा के भुवनेश्वर शहर में दो स्कूली छात्रों ने अपनी सहेली को “परेशान” करने वाले 17 वर्षीय किशोर और उसके पिता की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित किशोर की पहचान कृष्णा प्रसाद पाढी के रूप में हुई है, जो खंडगिरि थाना क्षेत्र के एक कोचिंग संस्थान में पढ़ाई के दौरान लड़की के संपर्क में आया था।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा ने लड़की से प्रणय निवेदन किया, लेकिन लड़की ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद पीड़ित किशोर लड़की को कथित तौर पर परेशान करने लगा और उस पर अपना प्रस्ताव स्वीकार करने का दबाव बनाने लगा।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीणा ने बताया कि आरोपी छात्र भी उसी कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे और लड़की के अच्छे दोस्त थे।
मीणा ने बताया कि लड़की के आग्रह पर आरोपी छात्रों ने 20-25 दिन पहले पीड़ित किशोर से एक पार्क में मुलाकात की और उसे लड़की को परेशान न करने की सलाह दी।
हालांकि, मीणा ने बताया कि पीड़ित किशोर ने दोनों छात्रों की बात मानने के बजाय उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मीणा के अनुसार, इसके बाद दोनों छात्रों ने पीड़ित किशोर को सबक सिखाने का फैसला किया और वे लोहे की छड़ तथा मिर्ची पाउडर के साथ 28 जून की रात को कृष्णा के घर में घुसे।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी छात्रों ने कृष्णा के सिर पर लोहे की छड़ से कई वार किए और जब पीड़ित के पिता और बहन बीच-बचाव के लिए आए, तो दोनों ने उन पर भी हमला कर दिया।
मीणा के मुताबिक, तीनों घायलों को तुरंत एम्स भुवनेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने कृष्णा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ितों के परिजन की शिकायत के आधार पर खंडगिरि थाने में मामला दर्ज कर आरोपी छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है।
भाषा पारुल माधव
माधव