शालीमार बाग में हत्या की कोशिश के मामले में एक गिरफ्तार

Ads

शालीमार बाग में हत्या की कोशिश के मामले में एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 04:06 PM IST

नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में दो नाबालिग भाइयों पर चाकू से हमला करने के मामले में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान सुमित के तौर पर हुई है और उसे हत्या की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

यह घटना 23 फरवरी को हैदरपुर के एक सरकारी स्कूल के मैदान में घटी। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 16 वर्षीय लड़के और उसके 17 वर्षीय भाई पर स्कूल के छात्रों के बीच चल रही प्रतिद्वंद्विता के कारण हुए झगड़े में सुमित और उसके साथियों ने कथित तौर पर हमला किया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “हमले के दौरान, एक व्यक्ति ने दोनों भाइयों पर कथित तौर पर चाकू से वार किया, जबकि अन्य ने उन्हें पकड़ लिया और धमकियां दीं। उनकी मां के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग गए।’’

शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर 24 फरवरी को शालीमार बाग थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘एक टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सुमित ने हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।’

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश