नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार महाराष्ट्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना’ को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”यह एक ऐतिहासिक बुनियादी ढांचा परियोजना है, जो ठाणे और उसके आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगी, जिससे आवागमन आसान होगा और लोगों को सुविधाएं मिलेंगी।”
उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने पुणे मेट्रो चरण-1 परियोजना के विस्तार को मंजूरी दे दी है और यह शहर के विकास के लिए अच्छी खबर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”पुणे हमारे देश का एक महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र है और हम शहर के बुनियादी ढांचे का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’
बेंगलुरू में मेट्रो रेल विस्तार के मंत्रिमंडल के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह ‘नम्मा बेंगलुरू के बुनियादी ढांचे’ को मजबूती देगा।
मोदी ने कहा कि मंत्रिमंडल ने बेंगलुरू मेट्रो रेल के लिए दो नए कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है, जिससे मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होगा। इसमें 30 और स्टेशन होंगे। जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और आवागमन आसान होगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा और बिहार के बिहटा में हवाई अड्डा परियोजनाओं को भी मंजूरी दी, जिसकी अनुमानित लागत 2,962 करोड़ रुपये है।
भाषा प्रीति सुरेश
सुरेश