प्रधानमंत्री ने झारखंड में नए सिरे से तैयार दो रेलवे स्टेशनों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री ने झारखंड में नए सिरे से तैयार दो रेलवे स्टेशनों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री ने झारखंड में नए सिरे से तैयार दो रेलवे स्टेशनों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया
Modified Date: July 17, 2026 / 07:08 pm IST
Published Date: July 17, 2026 7:08 pm IST

रांची, 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्र की ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत झारखंड में नए सिरे से विकसित किए गए दो रेलवे स्टेशनों का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया।

दक्षिण पूर्वी रेलवे के रांची मंडल अंतर्गत पिस्का और मुरी स्टेशन नए सिरे से विकसित उन 75 अमृत भारत स्टेशनों में शामिल हैं, जिनका उद्घाटन मोदी ने डिजिटल माध्यम से किया।

रांची के पिस्का रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, राज्य के भूमि एवं राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ तथा भाजपा के हटिया विधायक नवीन जायसवाल भी शामिल थे।

गंगवार ने इस अवसर पर कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि आज हरियाणा में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का परिचालन भी शुरू हो गया है, जो सचमुच हमारे देश की प्रगति को दर्शाता है।’’

आधिकारिक बयान के अनुसार, पिस्का रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से किया गया, जबकि मुरी स्टेशन के पुनर्विकास पर 12 करोड़ रुपये खर्च हुए।

इसमें कहा गया कि जिन स्टेशनों पर पहले सिर्फ़ बुनियादी सुविधाएं थीं, उन्हें अब आधुनिक यात्री सुविधाओं जैसे कि बेहतर स्टेशन भवन, लिफ़्ट और ‘फ़ुट-ओवर-ब्रिज’ से लैस किया गया है, जिससे यात्रा का अनुभव सुरक्षित एवं बेहतर हो गया है।

इसके अलावा, आधुनिक ट्रेन सूचना डिस्प्ले प्रणाली, बेहतर प्लेटफ़ॉर्म कनेक्टिविटी और दिव्यांगों के लिए रैंप, ‘टैक्टाइल पाथ’ और अलग शौचालय जैसी सुविधाएं भी की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दक्षिण पूर्वी रेलवे के रांची मंडल में 15 रेलवे स्टेशनों को नया रूप दिया जा रहा है।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में