(फोटो के साथ)
श्रीनगर, 10 जून (भाषा) नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से कहा है कि वह जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने का अपना वादा पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि नेकां केंद्र के अपना वादा पूरा करने का इंतज़ार कर रही है।
अब्दुल्ला ने अनंतनाग जिले में पत्रकारों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने हाल में उमर से कहा है कि वह (जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने का) अपना वादा पूरा करेंगे।’’
जम्मू-कश्मीर सरकार के लिए प्रशासनिक कामकाज के नियमों को मंज़ूरी मिलने में हो रही देरी के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी पार्टी न सिर्फ कामकाज के नियम चाहती है, बल्कि राज्य का दर्जा भी बहाल करवाना चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के सामने राज्य का दर्जा देने का वादा उसका (केंद्र का) है। हम इंतज़ार कर रहे हैं।’’
नेशनल कांफ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी मांग के समर्थन में संसद के मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
यह निर्णय तीन जून को उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में हुई सत्ताधारी पार्टी के विधायकों की बैठक में लिया गया।
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा