हैदराबाद में 10 मई को जनसभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

Ads

हैदराबाद में 10 मई को जनसभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 08:29 PM IST

हैदराबाद, 29 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद तेलंगाना में अपनी पहली जनसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘जनाग्रह सभा’ को संबोधित करेंगे।

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने पार्टी सांसदों और विधायकों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर के परेड ग्राउंड में होने वाली इस जनसभा का पोस्टर जारी किया।

राव ने पत्रकारों को बताया कि मोदी 10 मई को बेंगलुरु से हैदराबाद पहुंचेंगे और शहर के बेगमपेट हवाई अड्डे पर लगभग 8,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। बाद में वह रैली के लिए परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को गिरा दिया। अगर यह विधेयक (लोकसभा में) पारित हो जाता तो अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को अधिक सीटें मिलतीं।’’

राव ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने दक्षिण भारत के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस की वजह से दक्षिण भारत को संसद की सीटें नहीं बढ़ पाने का नुकसान उठाना पड़ा है।’’

राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘उत्तर-दक्षिण विभाजन’ पैदा करने की कोशिश करके विभाजनकारी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आयोजन किया था, लेकिन अब वह ‘तोड़ो यात्रा’ कर रही है।’’

उन्होंने कहा कि इसी कारण से भाजपा ने जनसभा का नाम ‘जनाग्रह सभा’ ​​रखा है।

राव ने आरोप लगाया कि राज्य में विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) अपने पारिवारिक विवादों से घिरी हुई है और उसके नेता के. चंद्रशेखर राव सार्वजनिक रूप से कम ही दिखाई देते हैं और फिर गायब हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों को एक ऐसी पार्टी की जरूरत है जो जनता के लिए काम करे और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर चले, और भाजपा इस कसौटी पर खरी उतरती है।

भाषा वैभव माधव

माधव