होशियारपुर (पंजाब), 30 मार्च (भाषा) पंजाब के होशियारपुर में सोमवार को एक टैंकर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृत व्यक्ति की पहचान भरता गणेशपुर गांव के निवासी 55 वर्षीय चटविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो माहिलपुर थाने में तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, सिंह अपनी मोटरसाइकिल से माहिलपुर जा रहे थे तभी, अपराह्न करीब तीन बजे, जब वह गढ़शंकर-होशियारपुर मार्ग पर अड्डा दानसीवाल के पास पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल को एक टैंकर ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गढ़शंकर के सिविल अस्पताल में रखा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप