प्रदर्शन कर रहे पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने की पानी की बौछार

Ads

प्रदर्शन कर रहे पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने की पानी की बौछार

  •  
  • Publish Date - July 15, 2021 / 11:44 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:50 PM IST

चंडीगढ़, 15 जुलाई (भाषा) पंजाब भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर राज्य में दलितों पर हो रहे अत्याचार समेत अन्य मुद्दों पर बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के आधिकारिक आवास का घेराव करने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार अटवाल ने पंजाब में अमरिंदर सिंह नीत सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की तथा दलितों पर कथित अत्याचार और मैट्रिक छात्रवृत्ति घोटाले पर कांग्रेस सरकार को निशाना बनाया।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गए थे और यहां सेक्टर 25 पर अवरोधक लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों द्वारा अवरोधक तोड़ कर आगे बढ़ने का प्रयास करने पर पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। बाद में प्रदेश भाजपा एससी मोर्चा के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए अटवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत सरकार में दलित समुदाय के लोगों पर अत्याचार किया जा रहा है। उन्होंने कई करोड़ रु के कथित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति घोटाले के मुद्दे को भी उठाया और मुख्यमंत्री पर इसमें शामिल लोगों को बचाने का आरोप लगाया।

भाषा यश नरेश

नरेश