पणजी, 22 मई (भाषा) भारतीय विज्ञापन, मीडिया और संचार जगत ने प्रसार भारती के अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी की नियुक्ति पर ‘गोवाफेस्ट 2026’ में उन्हें सम्मानित किया और उद्योग में उनके योगदान तथा देश में सार्वजनिक प्रसारण को आकार देने में उनकी नई भूमिका की सराहना की।
उन्हें बृहस्पतिवार को सम्मानित किया गया। ‘गोआफेस्ट’ का आयोजन ‘एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ और ‘द एडवरटाइजिंग क्लब’ द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है।
जोशी ‘ओमनीकॉम एडवरटाइजिंग इंडिया’ के अध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं और उन्हें देश की अग्रणी रचनात्मक हस्तियों में से एक माना जाता है, जिनका करियर विज्ञापन, सिनेमा, साहित्य और सार्वजनिक संचार के क्षेत्रों में फैला हुआ है।
उद्योग जगत के नेताओं ने कहा कि प्रसार भारती में उनकी नियुक्ति एक महत्वपूर्ण क्षण है जहां रचनात्मकता, सांस्कृतिक समझ और सार्वजनिक संचार राष्ट्रीय प्रसारक की भूमिका को मजबूत करने के लिए एक साथ आते हैं।
सम्मान स्वीकार करते हुए जोशी ने कहा कि अपनी ही पेशेवर संस्था से मिलने वाला सम्मान विशेष महत्व रखता है और इसके साथ जिम्मेदारी की भावना भी जुड़ी होती है।
उन्होंने कहा, ‘विज्ञापन उद्योग ने लोगों, संस्कृति और कहानी कहने की कला के बारे में मेरी समझ को आकार दिया है और इसे लगातार निखार रहा है। प्रसार भारती अब मुझे राष्ट्र की सेवा और व्यापक जनहित में उस समझ को लागू करने का अवसर प्रदान करता है।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश