नयी सरकार की पहली मंत्रिमंडल बैठक के लिए बंगाल विधानसभा भवन में तैयारियां तेज

Ads

नयी सरकार की पहली मंत्रिमंडल बैठक के लिए बंगाल विधानसभा भवन में तैयारियां तेज

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 06:36 PM IST

कोलकाता, आठ मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में शनिवार को नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद मंत्रिमंडल की संभावित बैठक के लिए विधानसभा भवन में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि किसी भी आधिकारिक सूचना के अभाव में, विधानसभा सचिवालय इस संभावना को देखते हुए तैयारी कर रहा है कि शपथ ग्रहण के बाद नए मंत्रिमंडल के सदस्य वहां आ सकते हैं और नए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में अपनी पहली बैठक कर सकते हैं।

‘राइटर्स बिल्डिंग’ का नवीनीकरण और मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और कई महत्वपूर्ण विभाग होंगे। वर्ष 2013 में ममता बनर्जी द्वारा सचिवालय को ‘नबान्न’ स्थानांतरित करने के बाद इस भवन ने राज्य सचिवालय के रूप में कार्य करना बंद कर दिया था।

जब उनसे पूछा गया कि क्या ‘राइटर्स बिल्डिंग’ में जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने से पहले मुख्यमंत्री कार्यालय अस्थायी रूप से विधानसभा भवन से कार्य करेगा, तो अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुझे लगता है कि अंतिम निर्णय कल सुबह तक भाजपा नेतृत्व द्वारा घोषित कर दिया जाएगा।’’

इस बीच, विधानसभा में सभी मंत्रियों के कमरों के बाहर लगी नामपट्टियों को हटा दिया गया और सफाई व रखरखाव कार्य तेज कर दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हमने 2021 में कहा था कि हमारी सरकार सत्ता में आते ही हम ‘राइटर्स बिल्डिंग’ से सरकार चलाएंगे। नयी सरकार के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद क्या होगा, इसकी आधिकारिक घोषणा उचित समय पर की जाएगी।’’

भाषा शफीक धीरज

धीरज