इंफाल, 30 जून (भाषा) मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिले में मंगलवार को यूएनएलएफ (पी) के शिविर को दूसरी जगह ले जाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यूएनएलएफ (पी) एक उग्रवादी संगठन है, जिसने 2023 में केंद्र सरकार के साथ शांति समझौता किया था।
खुंड्राकपाम विधानसभा क्षेत्र के उयुम्पोक और आस-पास के इलाकों के लोगों ने सड़क जाम कर दी और सरकार के उस फैसले का विरोध किया, जिसके तहत यूएनएलएफ (पी) शिविर को नोंगशुम से दूसरी जगह ले जाया जा रहा था। उनका तर्क था कि यह शिविर पहाड़ी इलाकों से सटे घाटी के गांवों के लिए सुरक्षा कवच का काम करता था।
अधिकारियों ने बताया कि शिविर को दूसरी जगह ले जाने के काम में मदद के लिए तैनात सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
वर्ष 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद स्थापित इस शिविर की जगह उस स्थल (उयुम्पोक) से लगभग ढाई किलोमीटर दूर है, जहां प्रदर्शन हो रहा था।
विरोध कर रहीं मंगलेइमा देवी ने कहा, ‘‘जब से यह शिविर स्थापित हुआ है, हम शांति के साथ और पहाड़ियों से आने वाले उग्रवादियों के हमलों के डर के बिना रह रहे हैं। अगर इसे कहीं और ले जाया गया, तो हमारी सुरक्षा कौन करेगा? इसकी मौजूदगी की वजह से ही हथियारबंद उग्रवादी घाटी के इस हिस्से में नहीं आ पाए हैं।’’
भाषा
संतोष दिलीप
दिलीप