सरकारी नौकरी को लेकर कांग्रेस विधायक के दावे पर पंजाब के मंत्री ने कहा: साबित करें या राजनीति छोड़ें

Ads

सरकारी नौकरी को लेकर कांग्रेस विधायक के दावे पर पंजाब के मंत्री ने कहा: साबित करें या राजनीति छोड़ें

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 10:41 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 10:41 PM IST

चंडीगढ़, पांच अगस्त (भाषा) पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बुधवार को कांग्रेस के एक विधायक को चुनौती दी कि अगर उनका यह दावा गलत साबित हो जाता है कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में किसी भी व्यक्ति को सरकारी नौकरी नहीं मिली, तो वह इस्तीफा दे दें।

विधानसभा में एक चर्चा में भाग लेते हुए अरोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 68,000 से ज़्यादा सरकारी नौकरियां दीं, 1,83,837 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया और निजी क्षेत्र में 6,36,636 नौकरियां पैदा कीं।

उन्होंने सदन को बताया कि निवेश आने से निजी क्षेत्र में सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से 6.36 लाख से ज़्यादा नौकरियां पैदा हुईं।

जब अरोड़ा सरकारी नौकरियों के बारे में जानकारी दे रहे थे, तो कांग्रेस विधायक हरदेव सिंह लड्डी शेरोवालिया ने दावा किया कि उनके शाहकोट विधानसभा क्षेत्र में किसी को भी सरकारी नौकरी नहीं मिली है।

शेरोवालिया ने दावा किया, ‘‘मेरे निर्वाचन क्षेत्र में 234 गांव और तीन नगर पंचायतें हैं। वहां एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं है जो हाथ उठाकर यह कह सके कि उसे सरकारी नौकरी मिली है।’’

इसके बाद अरोड़ा ने विधायक को चुनौती दी।

अरोड़ा ने शेरोवालिया से कहा, ‘‘आप समय तय कीजिए, मैं आपके निर्वाचन क्षेत्र में आऊंगा। हम एक आम सभा करेंगे। आइए, लोगों से पूछते हैं कि क्या उन्हें सरकारी नौकरी मिली है। अगर कोई भी हाथ उठाता है, तो आप राजनीति छोड़ दीजिएगा। अगर कोई हाथ नहीं उठाता, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’’

उन्होंने कहा कि बिना किसी रिश्वत या सिफ़ारिश के सभी सरकारी नौकरियां योग्यता के आधार पर दी जाती हैं।

सरकारी नौकरियों पर ‘श्वेत पत्र’ की विपक्ष की मांग पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सबसे अच्छा, सबसे सस्ता और सबसे टिकाऊ श्वेत पत्र तो सीधे लोगों से पूछना है। आरटीआई दाखिल करें या जनसभा करें। लोगों को ही बताने दें कि उन्हें नौकरियां मिलीं या नहीं।’’

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश