गुरदासपुर, 11 अप्रैल (भाषा) पंजाब के गुरदासपुर में बलात्कार के एक मामले में एक स्कूल के प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को राज्य के निजी स्कूल और कॉलेज बंद रहे। स्कूल परिसर में 31 मार्च को चार साल की एक बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार हुआ था।
घटना में शमिल आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है और पुलिस ने स्कूल के अध्यक्ष सविंदर सिंह गिल और उसके रिश्तेदार तथा प्रबंध निदेशक जयदीप सिंह को किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत गिरफ्तार किया है।
पंजाब के निजी स्कूल महासंघ (एफएपी) और संयुक्त कॉलेज महासंघ (जेएसी) द्वारा स्कूल और कॉलेज बंद करने का आह्वान किया गया था। एफएपी के अध्यक्ष जगजीत सिंह धुरी ने कहा कि लगभग छह हजार निजी स्कूल और कॉलेज बंद रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस को असली दोषी के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है और उसने निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया है जिनका इस मामले से कोई वास्ता नहीं है।’’
बलात्कार मामले की जांच कर रही पांच सदस्यीय विशेष टीम के प्रमुख पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मुकेश कुमार ने कहा कि पड़ताल जारी है।
भाषा यश नेत्रपाल
नेत्रपाल