राहुल का कांग्रेस में गुटबाजी पर दो टूक : टीम का हिस्सा बनें नहीं तो रिजर्व में बैठा दिया जाएगा

राहुल का कांग्रेस में गुटबाजी पर दो टूक : टीम का हिस्सा बनें नहीं तो रिजर्व में बैठा दिया जाएगा

राहुल का कांग्रेस में गुटबाजी पर दो टूक : टीम का हिस्सा बनें नहीं तो रिजर्व में बैठा दिया जाएगा
Modified Date: February 28, 2026 / 07:06 pm IST
Published Date: February 28, 2026 7:06 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

बरनाला (पंजाब), 28 फरवरी (भाषा)लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी नेताओं को चेतावनी दी कि यदि वे टीम का हिस्सा नहीं बन सकते तो उन्हें रिजर्व में बैठा दिया जाएगा।

राहुल गांधी का यह बयान पंजाब कांग्रेस के नेताओं के बीच पूर्व में सामने आई आंतरिक कलह के संदर्भ में आया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोई एक खिलाड़ी मैच नहीं जीत सकता। उन्होंने ‘टीम वर्क (मिलकर काम करने)’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘नेता कितना भी बड़ा क्यों न हो, कोई भी पार्टी से बड़ा नहीं होता’’।

पंजाब विधानसभा के लिए अगले साल की शुरुआत में चुनाव होने हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और सभी निर्णय उन्हें साथ लेकर ही लिए जाएंगे।

गांधी राज्य के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मालवा क्षेत्र में ‘किसान महाचौपाल’ रैली को संबोधित कर रहे थे। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीट में से 69 सीट इसी मालवा क्षेत्र में आती हैं।

उन्होंने अपने संबोधन के समापन में पार्टी की राज्य इकाई का स्पष्ट रूप से जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैं कांग्रेस पार्टी को यह संदेश भी देना चाहता हूं कि काम टीम भावना से ही होता है। एक खिलाड़ी मैच नहीं जीत सकता। हमारी पूरी टीम यहां मौजूद है।’’

गांधी ने कहा, ‘‘खरगे जी और मेरी ओर से, मैं यह संदेश देना चाहता हूं कि टीम के खिलाड़ी बनो, अन्यथा हम तुम्हें रिजर्व खिलाड़ी के रूप में बैठा देंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप चाहे कितने भी बड़े नेता क्यों न हों, पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता। टीम के सदस्य बनें और अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो मैं और खरगे जी आपको सही कर देंगे।’’

पंजाब में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस ने पिछले महीने राज्य में अपने नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए उनसे कहा था कि वे आंतरिक मामलों पर या एक-दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कोई बयान न दें।

राज्य के नेताओं के बीच मतभेद की खबरों के बाद पंजाब पर हुई एक अहम बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने यह चेतावनी दी।

इसी बीच, राहुल गांधी ने यहां अपने संबोधन में कहा, ‘‘पंजाब हमारी ताकत है। जब मैं इस राज्य का दौरा करता हूं, तो मुझे यहां आना अच्छा लगता है क्योंकि मैं यहां भारत की ताकत, इसकी नींव देख सकता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप हमारे रक्षक हैं, हमारी नींव हैं, और हम आपसे प्यार करते हैं। इसे कभी मत भूलिएगा। राजनीति और अन्य बातें अपनी जगह पर हैं, लेकिन यह मत भूलिएगा कि मैं पंजाब के लोगों से प्यार करता हूं… अगर मैं कोई किताब लिखूं, तो मैं आपको विस्तार से बताऊंगा।’’

गांधी ने कहा, ‘‘हमें पंजाब के लोगों, किसानों और युवाओं का भविष्य उज्ज्वल बनाना है और राज्य को सफल बनाना है।’’

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में