चेन्नई, 29 मई (भाषा) तमिलनाडु में गर्मी का चरम दौर समाप्त होने के बाद राज्य के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गर्मी के चरम चरण को ‘अग्नि नक्षत्रम’ कहा जाता है जो चार मई से 28 मई तक था।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा यहां जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि बृहस्पतिवार तक ऊष्ण लहर की स्थिति बनी रही और चेन्नई सहित 10 से अधिक जिलों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
आईएमडी ने शुक्रवार से अगले 24 घंटों के दौरान कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, नीलगिरि, करूर, इरोड, नमक्कल, तिरुपत्तूर, तिरुप्पुर, सेलम, तिरुचिरापल्ली, तंजावुर, तिरुवन्नामलाई, कृष्णागिरि और धर्मपुरी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग ने 31 मई से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के भी संकेत दिए हैं।
पिछले 24 घंटों में कन्याकुमारी के नेय्यूर में सर्वाधिक (छह सेंटीमीटर) बारिश दर्ज की गई और इसके बाद तिरुप्पुर जिले के अविनाशी में चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा