जयपुर, 22 अप्रैल (भाषा) राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव के लिए बुधवार को राज्य भर में मतदान हुआ। हालांकि, जयपुर में राजस्थान उच्च न्यायालय परिसर में स्थापित एक मतदान केंद्र पर मतदान कथित अनियमितताओं की वजह से रद्द कर दिया गया। मतदान प्रक्रिया से जुड़े पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
मतदान प्रक्रिया से जुड़े पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान कुप्रबंधन और अनुशासनहीनता के आरोप सामने आने के बाद बार काउंसिल चुनाव समिति ने उच्च न्यायालय जयपुर परिसर में हुए मतदान को रद्द कर दिया।
इससे पहले सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें प्रसारित हुई थीं जिनमें बूथ पर भारी भीड़ और वकील कथित तौर पर मतपत्र फाड़ते हुए दिख रहे हैं।
जयपुर में अपर निर्वाचन अधिकारी बसंत सिंह छाबा ने कहा कि जयपुर पीठ मतदान केंद्र पर चुनाव प्रक्रिया रद्द कर दी गई है और जल्द ही नई तारीखों की घोषणा की जाएगी। मतदान केंद्र के अंदर उम्मीदवारों पर खुलेआम वोट मांगने के आरोप भी लगे जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर चिंता जताई गई।
समिति ने स्पष्ट किया कि मतदान रद्द करने का यह निर्णय केवल जयपुर उच्च न्यायालय परिसर मतदान केंद्र पर लागू है।
पूर्व न्यायाधीश वी.एस. दवे ने इस घटना को ‘‘प्रक्रिया की बड़ी विफलता’’ बताया और स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। वह इस चुनाव में मतदान करने वाले पहले व्यक्ति थे।
यह चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त एक समिति की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है। राजस्थान बार काउंसिल के पिछले चुनाव 2018 में हुए थे।
भाषा पृथ्वी धीरज
धीरज