जयपुर, पांच अगस्त (भाषा) तबादला नीति लागू करने, लंबे समय से लंबित तबादले शुरू करने और प्रतिनियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर तृतीय श्रेणी सरकारी शिक्षकों ने बुधवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बढ़ते आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षकों के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया। शिक्षकों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मुलाकात की, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही।
शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदर्शनरत शिक्षकों को समर्थन देते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता में आने के 100 दिनों के भीतर पारदर्शी तबादला नीति लागू करने का चुनावी वादा पूरा नहीं किया।
जूली ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में शिक्षकों के लिए पारदर्शी तबादला नीति लागू करने का वादा किया था, लेकिन ढाई वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया।
कांग्रेस नेता जूली ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षकों की जायज मांगों पर संवाद करने के बजाय उनकी आवाज दबाने और लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है।
भाषा बाकोलिया
शफीक
शफीक