जयपुर, 25 अगस्त (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल के चरक भवन स्थित ईएनटी वार्ड में लगा एक पंखा सोमवार शाम एक महिला के सिर पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
प्रशासन ने बताया कि महिला के सिर में चोट आने पर 15 टांके लगाए गए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, करौली निवासी संतोष का ईएनटी वार्ड में कान का ऑपरेशन हुआ था और उसकी बहन रेणु (59) उसका हालचाल जानने अस्पताल पहुंची थी।
प्रशासन के मुताबिक, रेणु मरीज के बिस्तर के पास रखी मेज पर बैठी थी और इसी दौरान अचानक चलता हुआ छत का पंखा गिरकर रेणु के सिर पर आ गिरा। प्रशासन ने बताया कि हादसे में रेणु के सिर से खून बहने लगा, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि घायल महिला करीब 10 से 15 मिनट तक वार्ड में ही उपचार का इंतजार करती रही।
परिजनों के मुताबिक, करीब 10-15 मिनट बाद एम्बुलेंस पहुंची और महिला को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर 15 टांके लगाए।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र