यूजीसी-नेट के तीन विषयों की पुन:परीक्षा सितंबर में होगी : एनटीए

Ads

यूजीसी-नेट के तीन विषयों की पुन:परीक्षा सितंबर में होगी : एनटीए

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 10:11 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 10:11 PM IST

नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए)ने जून में आयोजित यूजीसी-नीट 2026 के तीन विषयों अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की परीक्षा रविवार को दोबारा कराने की घोषणा की।

एनटीए ने इन विषयों के प्रश्नपत्रों में त्रुटियों की शिकायत मिलने के बाद यह फैसला लिया है।

एजेंसी ने बताया कि अंग्रेजी विषय की परीक्षा नौ सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि वाणिज्य विषय की परीक्षा उसी दिन अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक दूसरी पाली में आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने बताया कि समाजशास्त्र विषय की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली में आयोजित की जाएगी।

एनटीए ने कनिष्ठ अनुसंधान छात्रवृत्ति (जेआरएफ), सहायक प्राध्यापक के तौर पर पात्रता और पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए 87 विषयों में 22 से 30 जून के बीच विश्वविद्यालय अनुदान आयोग- राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) जून 2026 आयोजित की थी।

एनटीए ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसे इन तीन विषयों के प्रश्नपत्रों में कई त्रुटियों की शिकायतें मिली थीं और इन मुद्दों की जांच के लिए एक समिति बनाई गई थी।

एजेंसी ने बताया कि समिति को तीनों विषयों के प्रश्नपत्रों में कई तरह की विसंगतियां मिलीं जिनमें तथ्यात्मक, मुद्रण और अनुवाद संबंधी गलतियां शामिल थीं। इनमें मशहूर विद्वानों के नामों की गलत वर्तनी, किताबों के गलत नाम, सवालों की भाषा में गलतियां, व्याकरण की गलतियां, लिंग और वचन के मेल में गलतियां, विराम चिह्नों की गलतियां और स्थापित कॉन्सेप्ट्स के लिए गैर-मानक शब्द शामिल थे। साथ ही, पहले पूछे जा चुके कई सवालों को भी दोहराया गया था।

विज्ञप्ति में कहा गया कि समिति ने निष्पक्ष और त्रुटि-मुक्त परीक्षा आयोजित करने का सुझाव दिया जिसके आधार पर यह फैसला लिया गया है।

एनटीए ने कहा कि जिन 84 विषयों के लिए चुनौती दिये गए प्रश्नों की ‘उत्तर कुंजी’ आज ही जारी की गई है, उनके नतीजे तय समय-सारणी के अनुसार घोषित किए जाएंगे।

भाषा

धीरज नरेश

नरेश