चंडीगढ़, नौ जून (भाषा) बागी अकाली विधायक मनप्रीत सिंह अयाली मंगलवार को अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल हो गए।
अयाली ने यह कदम चंडीगढ़ में अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह और फरीदकोट के सांसद सरबजीत सिंह खालसा की मौजूदगी में उठाया।
कुछ दिन पहले ही अयाली ने शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) से इस्तीफा दे दिया था, जो सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) से अलग हुआ एक गुट है।
लुधियाना की दाखा सीट से तीन बार विधायक रह चुके अयाली ने 20 मई को एसएडी (पुनर सुरजीत) के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
पार्टी में शामिल होने के बाद अयाली ने कहा कि वह पंजाब के विभिन्न मुद्दों, विशेषकर ‘बंदी सिंहों’ (सिख कैदियों) की रिहाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को उठाएंगे।
उन्होंने ‘पंथिक’ एकता पर भी जोर दिया।
सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने कहा कि अयाली जैसे अनुभवी नेता के जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने भी अयाली का पार्टी में स्वागत किया।
अमृतपाल सिंह वर्तमान में 2023 के अजनाला पुलिस थाना हमले के मामले में असम की जेल में बंद हैं। उनकी अगुवाई वाला यह राजनीतिक दल पिछले वर्ष ही गठित हुआ था।
पंजाब विधानसभा चुनाव अगले वर्ष की शुरुआत में होने हैं।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव