नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि जैव विविधता अधिनियम, 2002 में किए गए हालिया संशोधनों से उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है और व्यापार करने में आसानी होगी।
मंत्री ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप स्थानीय समुदायों को उद्योगों से उचित लाभ मिल रहा है।
यादव ने कहा, ‘‘देशभर में लाभार्थियों को लगभग 145 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे लगभग 11,000 जैव विविधता प्रबंधन समितियों को लाभ हुआ है।’’
उन्होंने ये टिप्पणियां भोपाल में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस -2026 के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कीं।
मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि सार्थक वैश्विक परिणाम केवल सशक्त स्थानीय कार्रवाई, सामुदायिक भागीदारी और टिकाऊ जीवनशैली के माध्यम से ही प्राप्त किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सामुदायिक नेतृत्व वाली संरक्षण परंपराएं जैसे उपवन, पारंपरिक किस्में, देशी नस्लें और स्थानीय प्रबंधन प्रथाएं लोगों और प्रकृति के बीच गहरे सांस्कृतिक और पारिस्थितिकी संबंध को दर्शाती हैं।’’
भाषा संतोष वैभव
वैभव