नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर ‘राइड-शेयरिंग’ सेवा की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देना और यातायात जाम तथा वाहन प्रदूषण को कम करना है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह पहल ‘उबर’ के सहयोग से शुरू की गई है। इसके तहत ‘उबर’ ऐप के माध्यम से सस्ती, सुविधाजनक और सहज ‘शेयर राइड’ का विकल्प उपलब्ध होगा।
इसमें कहा गया कि यह पहल साझा परिवहन को बढ़ावा देने और उपलब्ध परिवहन अवसंरचना के अधिक प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे हवाई अड्डे से से यात्रा करने वाले लगभग सात लाख यात्रियों को लाभ मिलने की संभावना है।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली के पर्यावरण, वन और वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित थे।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार टिकाऊ परिवहन के उपायों के जरिए एक ‘ज़्यादा स्वच्छ, हरित और स्मार्ट राजधानी’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने कहा कि ‘राइड-शेयरिंग’ सेवा की शुरुआत यातायात जाम कम करने, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को घटाने तथा नागरिकों को साझा एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली में आधुनिक, तकनीक-संचालित और यात्रियों के अनुकूल परिवहन तंत्र विकसित करने के सरकार के विज़न को साकार करती है।
सिरसा ने कहा, ‘‘इस सेवा की शुरुआत के लिए हम निजी ऑपरेटरों और विभिन्न हितधारकों के साथ लगातार संवाद और समन्वय कर रहे थे। दिल्ली में प्रदूषण को प्रभावी रूप से कम करने के लिए यह आवश्यक है कि नागरिक अधिक से अधिक साझा यात्रा विकल्पों को अपनाएं और इसी उद्देश्य से आज इस पहल की शुरुआत की जा रही है।’’
बयान के मुताबिक, इस पहल के अंतर्गत एक ही दिशा में यात्रा करने वाले लोग हवाई अड्डे के बहुस्तरीय कार पार्किंग परिसर से साझा यात्रा कर सकेंगे, जिससे वाहनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा और यात्रा अनुभव अधिक सुगम बनेगा।
भाषा नोमान
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल