ऋचा चड्ढा और अली फजल न्यूजीलैंड के पहले भारतीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन में होंगे शामिल

Ads

ऋचा चड्ढा और अली फजल न्यूजीलैंड के पहले भारतीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन में होंगे शामिल

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 05:22 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 05:22 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) अभिनेता और निर्माता ऋचा चड्ढा और अली फजल दो जून को न्यूजीलैंड के पहले भारतीय फिल्म महोत्सव के उद्घाटन में शामिल होंगे।

पेट्रीना डी’रोजारियो द्वारा स्थापित ‘द इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ न्यूजीलैंड’ (टीआईएफएफएनजेड) समारोह अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। भारतीय सिनेमा के इस चार दिवसीय उत्सव का आयोजन ऑकलैंड, वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में किया जाएगा।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म समारोह के उद्घाटन संस्करण में स्क्रीनिंग, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उद्योग जगत के साथ संवाद शामिल होंगे, जिनका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रचनात्मक संबंधों को मजबूत करना है।

इसके मुताबिक, इस समारोह का उद्घाटन दो जून को होगा। जिसमें ऋचा चड्ढा की ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ फिल्म भी दिखाई जाएगी। यह फिल्म इस दंपति (ऋचा चड्ढा और अली फजल) का पहला फिल्म निर्माण कार्य है।

इस फिल्म को सनडांस फिल्म महोत्सव और ‘इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवार्ड्स’ सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रशंसा मिली है।

एक संयुक्त बयान में, दंपति ने कहा कि वे इस समारोह के उद्घाटन का हिस्सा बनकर खुश हैं क्योंकि उनका मानना है कि फिल्म महोत्सव संवाद स्थापित करने और विविध कहानियों को जगह देने के लिए महत्वपूर्ण मंच होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘भारतीय सिनेमा को एक संरचित और उत्सव के रूप में न्यूजीलैंड ले जाने का विचार समय के अनुकूल और सार्थक लगता है। हम इस नए अध्याय का समर्थन करने और वहां के दर्शकों से जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।’

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव