आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में थाने में जब्त पटाखों में विस्फोट होने से छह पुलिसकर्मी घायल

Ads

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में थाने में जब्त पटाखों में विस्फोट होने से छह पुलिसकर्मी घायल

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 04:19 PM IST

चल्लापल्ली (आंध्र प्रदेश), 31 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में मंगलवार को एक थाने में जब्त पटाखों में विस्फोट हो गया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए पटाखों को अदालत के आदेश पर नष्ट करने के लिए थाने से बाहर ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने अवैध पटाखा भंडारण इकाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए थे, जिन्हें थाने के एक बाहरी परिसर में सुरक्षित रखा गया था।

जिले के पुलिस अधीक्षक विद्या सागर नायडू ने पत्रकारों से कहा, “हमने विशेष अभियान के दौरान अवैध पटाखे जब्त किए थे और उन्हें सुरक्षित रखा था। आज अदालत के आदेश के अनुसार उन्हें नष्ट करने के लिए बाहर निकाला जा रहा था, तभी उनमें विस्फोट हो गया।”

एसपी के अनुसार, इस घटना में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं।

उन्होंने कहा कि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई तथा जिनकी स्थिति गंभीर थी उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद विजयवाड़ा ले जाया गया।

एसपी ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका उचित उपचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और गृह मंत्री वी. अनीता ने घटना के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि विस्फोट के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत आंतरिक जांच की जाएगी।

इस बीच, चिकित्सकों ने बताया कि घायलों के शरीर पर छर्रे जैसे घाव आए थे, जिससे खून बह रहा था।

उन्होंने कहा कि उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर की गई, फिर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया।

भाषा जोहेब राजकुमार

राजकुमार

शीर्ष 5 समाचार