विधान पार्षद के दो रिक्त पदों को भरने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर कार्रवाई नहीं करेंगी सौंदरराजन

Ads

विधान पार्षद के दो रिक्त पदों को भरने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर कार्रवाई नहीं करेंगी सौंदरराजन

  •  
  • Publish Date - January 17, 2024 / 10:32 PM IST,
    Updated On - January 17, 2024 / 10:32 PM IST

हैदराबाद, 17 जनवरी (भाषा) तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने बुधवार को ‘राज्यपाल कोटा’ के तहत दो रिक्त विधान पार्षद पदों को भरने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया क्योंकि मामले से संबंधित दो रिट याचिकाएं उच्च न्यायालय में लंबित हैं।

दो याचिकाएं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेताओं श्रवण दासोजू और के. सत्यनारायण द्वारा दायर की गई थीं, जिनका विधान परिषद में नामांकन पूर्ववर्ती बीआरएस शासन के दौरान राज्यपाल द्वारा खारिज कर दिया गया था।

राजभवन की एक विज्ञप्ति में कहा गया, “राजभवन एतद्द्वारा सूचित करता है कि दासोजू श्रवण कुमार और के. सत्यनारायण द्वारा उनके एमएलसी नामांकन की अस्वीकृति को चुनौती देने वाली लंबित रिट याचिकाओं और माननीय तेलंगाना उच्च न्यायालय की टिप्पणी के आलोक में…राज्यपाल कोटे के तहत रिक्त एमएलसी पदों को भरने के लिए कोई और कदम नहीं उठाया जाएगा।”

इस अवलोकन के मद्देनजर, राज्यपाल ने राज्यपाल कोटे के तहत दो रिक्त एमएलसी पदों को भरने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर तब तक कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है, जब तक कि रिट याचिकाओं पर उच्च न्यायालय द्वारा अंतिम निर्णय नहीं ले लिया जाता।

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश