नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के लोकसभा सदस्य इमरान मसूद ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर खामोश रहने का आरोप लगाया और कहा कि यदि अखिलेश यादव की पार्टी को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस से गठबंधन करना है, तो ईमानदारी से करना चाहिए।
उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में सवाल किया कि क्या मुसलमान सिर्फ वोटबैंक है?
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से सांसद ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के नेता लगातार मुझ पर हमला करते रहते हैं। मुझ पर निशाना साधने से क्या मिलेगा? उन्हें इसके बजाय भाजपा का मुकाबला करना चाहिए।’’
मसूद ने दावा किया, ‘‘मुसलमानों की मस्जिदें टूट रहीं हैं, मदरसे टूट रहे हैं, मुसलमानों के साथ अन्याय हो रहा है और दलितों पर अत्याचार किए जा रहे हैं। इन मुद्दों पर भी बोलना चाहिए। लेकिन वे (सपा नेता) ऐसा नहीं करेंगे। इसके बजाय वे मुझे ही निशाना बनाते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘‘सपा के लोग गठबंधन की बात करते हैं। अगर आप सचमुच भाजपा से लड़ना चाहते हैं, तो गठबंधन को अंतिम रूप दीजिए…ईमानदारी से करिये। अगर आप धरातल पर कुछ करना ही नहीं चाहते, तो इसका मतलब है कि आप ईमानदार नहीं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर (विपक्ष की) सरकार नहीं आई, तो मिटना तो हमें (मुस्लिम) पड़ेगा।’’
मसूद ने कहा कि सपा के साथ संबंधों में कोई खटास नहीं है, लेकिन वह उसे आईना दिखा रहे हैं।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप