असम में पुलिस की कार्रवाई में संदिग्ध गांजा तस्कर घायल

Ads

असम में पुलिस की कार्रवाई में संदिग्ध गांजा तस्कर घायल

  •  
  • Publish Date - February 17, 2022 / 02:53 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 09:00 PM IST

कोकराझार (असम), 17 फरवरी (भाषा) असम के कोकराझार जिले में एक पुलिसकर्मी का हथियार कथित तौर पर छीनने की कोशिश करने और हिरासत से भागने के दौरान एक संदिग्ध गांजा तस्कर पर पुलिस ने गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कोकराझार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पनेसर के अनुसार, बुधवार को त्रिपुरा से बिहार जा रहे एक ट्रक को रोका गया, जो भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहा था। अधिकारी ने कहा, “तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रक से लगभग 350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। हमने वाहन चालक और उसके सहायक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया, जो त्रिपुरा के रहने वाले हैं।”

पनेसर ने कहा कि पूछताछ के दौरान चालक ने खुलासा किया कि उसने राष्ट्रीय राजमार्ग 31-सी से भवरागुरी जाने वाली सड़क पर गांजे के दो और पैकेट छिपाए हैं। अधिकारी ने कहा, “इसके बाद आरोपी को उस स्थान पर ले जाया गया, जहां गांजा छिपाया गया था। पुलिस दल देर रात पौने दो बजे घटनास्थल पर पहुंचा तथा दो और पैकेट बरामद किये। अचानक, आरोपी ने एक पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीन ली और पुलिस दल पर गोली चलाई।”

पनेसर ने कहा, “इसके बाद, पुलिस ने आरोपी पर गोली चला दी। उसे दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर गया।” घायल आरोपी को तत्काल कोकराझार के आरएनबी सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।

भाषा यश सुभाष

सुभाष