तमिलनाडु के राज्यपाल ने 12 विधेयकों को मंजूरी दी

Ads

तमिलनाडु के राज्यपाल ने 12 विधेयकों को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 08:37 PM IST

चेन्नई, 18 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के पहले विधानसभा सत्र के दौरान पारित 13 में से 12 विधेयकों को मंजूरी दे दी है।

निजी विश्वविद्यालय विधेयक को राष्ट्रपति के विचार के लिए सुरक्षित रखा गया है, लेकिन राज्यपाल ने 12 विधेयकों को मंजूरी दे दी है। इनमें विधायकों के वाहनों, ‘टासमैक’ शराब पर वैट, शहरी स्थानीय निकायों में तमिलनाडु लोक सेवा आयोग (टीएनपीएससी) के जरिए भर्ती, डीटीसीपी में संशोधन से संबंधित एक विधेयक और तमिलनाडु निवेश प्रोत्साहन आयोग से जुड़े विधेयक शामिल हैं।

सरकार ने 11 अधिनियमों की अधिसूचना 15 सितंबर को जारी की थी।

टीवीके नीत सरकार का 28 दिन का पहला बजट सत्र आठ सितंबर को समाप्त हुआ था।

एक सूत्र के अनुसार, आर्लेकर ने चार दिन में छह विधेयकों और अगले पांच दिन में पांच अन्य विधेयकों को मंजूरी दी, जिससे केंद्र-राज्य संबंधों के बेहतर और सकारात्मक शुरुआत का संकेत मिला है।

आर्लेकर के पूर्ववर्ती आर.एन. रवि का कार्यकाल उस समय की द्रमुक मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार के साथ टकराव वाला रहा। तत्कालीन द्रमुक सरकार ने आरोप लगाया था कि राज्यपाल ने विधेयकों को रोककर रखा और उन्हें मंजूरी देने में देरी की।

इसके बाद, विवाद उच्चतम न्यायालय पहुंचा और अप्रैल 2025 में शीर्ष अदालत ने फैसला सुनाया कि रवि द्वारा मंजूरी रोकना और बाद में 10 पुन: पारित राज्य विधेयकों को राष्ट्रपति के विचार के लिए भेजना ‘‘अवैध और मनमाना’’ था।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप

ताजा खबर