तमिलनाडु चुनाव: मुख्यमंत्री स्टालिन ने 6.26 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की

Ads

तमिलनाडु चुनाव: मुख्यमंत्री स्टालिन ने 6.26 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 10:27 PM IST

चेन्नई, 30 मार्च (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसमें उन्होंने 6.26 करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति घोषित की।

स्टालिन (72) के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने 3.30 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है। उनकी अचल संपत्तियों का कुल वर्तमान बाजार मूल्य 2.96 करोड़ रुपये है, जिसमें 2.70 करोड़ रुपये की स्व-अर्जित संपत्तियां और 25.98 लाख रुपये की विरासत में मिली संपत्तियां शामिल हैं। इसके अनुसार उनकी पत्नी, दुर्गा स्टालिन के पास 1.32 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां और 2.11 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां हैं।

हलफनामे के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-2025 के लिए, स्टालिन ने 30.94 लाख रुपये की कुल आय घोषित की। इसके अनुसार उनकी आय के घोषित स्रोतों में विधानसभा सदस्य के रूप में उनका वेतन, बैंक जमा पर ब्याज और पुस्तक रॉयल्टी शामिल हैं। उनकी पत्नी ने इसी वित्तीय अवधि के लिए 5,33,740 रुपये की आय घोषित की, जिसमें उन्होंने किराये को अपनी आय का स्रोत बताया।

हलफनामे में यह भी बताया गया है कि द्रमुक नेता स्टालिन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और ना ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। इसके अलावा, उन्होंने शून्य देनदारियां घोषित की हैं, जिसमें बैंकों, वित्तीय संस्थानों या सरकारी एजेंसियों का कोई बकाया या ऋण शामिल नहीं है।

शैक्षिक योग्यता अनुभाग के तहत, स्टालिन ने बताया कि उन्होंने 1973 में मद्रास विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंसी कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। दस्तावेज़ में उनका पेशा ‘लोक सेवा’ के रूप में दर्ज है।

तमिलनाडु विधानसभा के पिछले चुनाव के लिए 6 अप्रैल, 2021 को स्टालिन द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्रों के अनुसार, उनकी व्यक्तिगत चल संपत्ति 2021 में 4.94 करोड़ रुपये से घटकर 2026 में 3.30 करोड़ रुपये हो गई है।

वहीं, उनकी जमीन और आवासीय भवनों का मूल्य 2021 में 2.24 करोड़ रुपये से बढ़कर मौजूदा चुनाव चक्र में 2.96 करोड़ रुपये हो गया है।

तुलनात्मक रूप से, उनकी पत्नी की चल संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। 2021 में उनकी चल संपत्ति 30.52 लाख रुपये थी, जिसमें 24.77 लाख रुपये मूल्य के पुराने सोने के आभूषण शामिल थे। साल 2026 तक, उनकी चल संपत्ति बढ़कर 1.32 करोड़ रुपये से अधिक हो गई।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप