हैदराबाद, 10 जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण और अभिनेता चिरंजीवी ने बुधवार को वरिष्ठ निर्देशक भारतीराजा के निधन पर शोक व्यक्त किया।
रेवंत रेड्डी ने कहा कि भारतीराजा ने फिल्म इंडस्ट्री पर चार दशकों से अधिक के योगदान के साथ अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने निर्देशक की भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट सेवा की सराहना की, जिन्होंने विभिन्न भाषाओं में कई संदेश प्रधान और विविध फिल्मों का निर्देशन किया।
चिरंजीवी ने 1987 की तेलुगु हिट फिल्म ‘अराधना’ में भारतीराजा के साथ काम किया था। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा ने अपने महानतम कथाकारों में से एक को खो दिया है।
उन्होंने कहा, “उन्होंने गाँव की मिट्टी की खुशबू, मानवीय संबंधों की सुंदरता, प्रेम की मासूमियत और आम लोगों की भावनाओं को कालजयी सिनेमाई काव्य में बदल दिया। उनकी फिल्में लाखों दिलों को छू गईं और कई पीढ़ियों के फिल्म निर्माताओं को प्रेरित किया।”
चिरंजीवी ने लिखा कि ‘अराधना’ में ‘पुलिराजू’ के रूप में उन्हें भारतीराजा के निर्देशन में काम करने का सौभाग्य मिला और निर्देशक की विरासत उनकी अद्भुत फिल्मों के जरिए हमेशा जीवित रहेगी।
उन्होंने कहा, “आपको शांति मिले, ‘इयक्कुनार इमायम’ भारतीराजा गारु। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएँ।”
वरिष्ठ निर्देशक के निधन को फिल्म उद्योग के लिए “अपूरणीय क्षति” बताते हुए पवन कल्याण ने कहा कि भारतीराजा ने दर्शकों के दिलों में जगह बनाई, न केवल तमिल सिनेमा में बल्कि तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी।
पवन कल्याण ने कहा कि भारतीराजा की तेलुगु फिल्में दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस गईं। इनमें चिरंजीवी अभिनीत ‘अराधना’ और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता ‘सिताकोका चिलुका’ शामिल हैं।
भारतीराजा (84) का बुधवार को चेन्नई में उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश