कांग्रेस हरियाणा में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करते हुए भाजपा के खिलाफ अभियान तेज करेगी

Ads

कांग्रेस हरियाणा में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करते हुए भाजपा के खिलाफ अभियान तेज करेगी

  •  
  • Publish Date - July 31, 2026 / 07:17 PM IST,
    Updated On - July 31, 2026 / 07:17 PM IST

पलवल, 31 जुलाई (भाषा) हरियाणा कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी पूरे राज्य में अपने संगठन को और मजबूत बनाएगी और भाजपा सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर अभियान तेज करेगी।

हरियाणा के लिए कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख राव नरेंद्र सिंह ने फरीदाबाद और पलवल में जिला कार्यकारिणी की बैठकों को संबोधित किया।

दोनों नेताओं ने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, लोगों से संपर्क बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी पर चर्चा की।

दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्होंने हर बूथ पर एक मजबूत संगठन बनाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के माध्यम से जनता की शिकायतों को उठाते हुए पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के तहत हरियाणा के युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, किसान आर्थिक तनाव में हैं और लोग बढ़ती कीमतों से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को ‘‘सड़क से विधानमंडल तक’’ उठाती रहेगी।

वरिष्ठ नेताओं ने सरकारी भर्ती में देरी को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की और आरोप लगाया कि लाखों युवा भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने सरकारी विभागों में रिक्त पदों को समय पर और पारदर्शी तरीके से जल्द से जल्द भरने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य के हर गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचेगी तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी।

बैठकों में हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष उदय भान, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पलवल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना और पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

भाषा अविनाश नरेश

नरेश