राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच में निजी सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

Ads

राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच में निजी सुरक्षाकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 10:23 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 10:23 PM IST

अयोध्या, 30 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन को लेकर उठे विवाद के बीच मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मी भी जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, करीब 400 निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, कार्यप्रणाली और संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इन सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी मंदिर परिसर के मुख्य प्रवेश और निकास द्वारों, दर्शन पथ तथा चढ़ावे के आवागमन वाले मार्गों पर लगाई गई थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि चढ़ावे के आवागमन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं तथा क्या किसी संदिग्ध व्यक्ति को आवश्यक जांच के बिना प्रवेश या निकास की अनुमति दी गई थी।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से संबंधित अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज, परिसर में प्रवेश और निकास का रिकॉर्ड तथा संबंधित अधिकारियों के बयान की भी जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि यह भी देखा जा रहा है कि घटना के दौरान किस सुरक्षाकर्मी की किस स्थान पर ड्यूटी थी और उस अवधि में वहां क्या गतिविधियां हुईं।

सूत्रों ने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि किसी निजी सुरक्षाकर्मी ने जानबूझकर नियमों की अनदेखी की, अनुचित ढील बरती या चोरी में किसी प्रकार की सहायता की, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार अब तक किसी भी निजी सुरक्षाकर्मी के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की गई है और न ही किसी पर औपचारिक आरोप तय किए गए हैं। मामले की जांच जारी है और जांच एजेंसियां पूरी सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही तय करने में जुटी हैं।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत

शीर्ष 5 समाचार