दिल्ली के बापरोला में पत्नी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पति सहित तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के बापरोला में पत्नी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में पति सहित तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 10:25 PM IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) बाहरी दिल्ली के बापरोला इलाके में स्थित एक घर में महिला को गोली मारकर जख्मी करने के आरोप में उसके पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के 28-वर्षीय पति पर उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 13 सितंबर को नांगली डेरी में आंबेडकर स्कूल के पास गोली लगने से घायल हुई महिला को द्वारका के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि रनहोला थाने में हत्या के प्रयास, साझा मंशा और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस ने मिट्ठू उर्फ दीपक और आकाश को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद महिला के पति संदीप की संलिप्तता का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, संदीप ने दीपक के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या की कथित तौर पर साजिश रची और उसकी हत्या के लिए आकाश को सुपारी दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों शूटर प्रिंटर लेने के बहाने घर में घुसे और करीब 45 मिनट तक वहीं रहे। जब महिला सीढ़ियों पर थी, तब दीपक के कहने पर आकाश ने उस पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गई।

पुलिस ने बताया कि संदीप को बापरोला विहार से गिरफ्तार किया गया, जबकि दीपक (26) को नजफगढ़ से और आकाश (26) को नंद नगरी से गिरफ्तार किया गया।

भाषा नोमान नोमान सुरेश

सुरेश