राजकोट, 30 जनवरी (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार सुबह एक कार के पुल से गिरने के बाद उसमें आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना गोंडल-अटकोट राजमार्ग पर सुबह लगभग साढ़े पांच बजे तब हुई जब कार छोटा उदयपुर से गोंडल की ओर जा रही थी।
पुलिस उपाधीक्षक नवीन चक्रवर्ती ने बताया कि कार आठ फुट ऊंचे पुल की दीवार से टकराने के बाद नीचे गिर गई। उन्होंने बताया कि गिरने के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर फंस गये।
उन्होंने बताया कि हादसे में तीनों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
चक्रवर्ती ने बताया कि शव बरामद कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि नमूनों को पहचान के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जांच की जा रही है।
भाषा
देवेंद्र मनीषा
मनीषा