जयपुर, 29 मई (भाषा) राजस्थान में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में तेज अंधड़ आने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है जिससे लोगों को कई दिन की भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आगामी दिनों में राज्य के कुछ भाग में तेज आंधी बारिश की गतिविधियां शुरू होने की पूरी संभावना है। इससे आज शुक्रवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा संभाग के कुछ भाग में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलेगा और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव 30 से 31 मई को रहेगा। इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भाग में वज्रपात, 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा कहीं-कहीं तेज बारिश होने का अनुमान है।
राज्य के कुछ भाग में आंधी-बारिश की गतिविधियां जून के पहले सप्ताह में भी जारी रहेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि आंधी बारिश के प्रभाव से आगामी दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने व 30 मई से लू से राहत मिलने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि लगभग समूचा राजस्थान पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है जहां बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सीमावर्ती गंगानगर जिले में 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा पृथ्वी सुरभि
सुरभि