नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली में हफ्ते भर चले अतिक्रमण-विरोधी और अनधिकृत पार्किंग विरोधी अभियान के दौरान 55,000 से ज़्यादा चालान काटे गए और 3,100 से ज़्यादा गाड़ियों को उठाकर ले जाया गया। अधिकारियों ने बुधवार यह जानकारी दी।
दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि एक से सात जून के बीच दिल्ली में 144 जगहों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत तीन से छह जून तक दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के साथ मिलकर सभी यातायात सर्किल और रेंज में सघन अभियान चलाए गए।
यह अभियान मुख्य सड़कों, बाज़ारों, फुटपाथ, सर्विस लेन और यातायात के लिहाज़ से अहम दूसरी जगहों पर चलाया गया जहां अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की वजह से गाड़ियों की आवाजाही में रुकावट आ रही थी।
यातायात पुलिस की अतिरिक्त आयुक्त विजयंता गोयल आर्या ने एक बयान में कहा, ‘कार्रवाई के तहत, सड़कों पर रुकावट डालने और गाड़ियों की आवाजाही में बाधा पहुंचाने वाले वाहन चालकों और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 55,532 चालान जारी किए गए।’
अधिकारी ने बताया कि 3,123 वाहनों को जब्त किया या या उठाकर यार्ड में पहुंचाया गया। ये वाहन या तो लावारिस हालत में थे, अवैध रूप से खड़े किए गए थे या फिर सड़क और फुटपाथ पर रुकावट पैदा कर रहे थे।
अधिकारियों ने सड़कों और फुटपाथों को घेरने वाले 1,264 अतिक्रमण तथा 1,015 अन्य अवैध ढांचे हटाए। इनमें अस्थायी दुकानें, बिना मंजूरी वाले व्यावसायिक डिस्प्ले, अवैध विस्तार और लोगों की आवाजाही में बाधा डालने वाले अन्य निर्माण शामिल थे।
अधिकारी ने कहा, ‘पहले चरण में नियमों को लागू करने की कोशिशें छह चुनिंदा जगहों पर केंद्रित थीं जिनमें कमला नगर में स्पार्क मॉल, ग्रेटर कैलाश-1 में एम-ब्लॉक मार्केट, हौज खास, कुतुब रोड, निजामुद्दीन बस्ती और परेड ग्राउंड शामिल है।’
उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के दूसरे चरण में साकेत स्थित मैक्स अस्पताल, चर्च मिशन रोड, पुष्प विहार रोड, शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल, यूसुफ सराय-ग्रीन पार्क, अलकनंदा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, गीता कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र व सब्जी मंडी के आस-पास के इलाके, लक्ष्मी नगर का कार बाज़ार, गीता कॉलोनी की चारदीवारी के पास के स्थान और कड़कड़डूमा अदालत के आस-पास के इलाके शामिल होंगे।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश