तृणमूल कांग्रेस पार्षदों ने बंद मुख्य चेंबर के बाहर कोलकाता नगर निकाय की मासिक बैठक की

Ads

तृणमूल कांग्रेस पार्षदों ने बंद मुख्य चेंबर के बाहर कोलकाता नगर निकाय की मासिक बैठक की

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 06:56 PM IST

कोलकाता, 22 मई (भाषा) कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में तृणमूल कांग्रेस के पार्षदों ने शुक्रवार को मुख्य चेंबर में ताला लगा होने के कारण उसके बाहर ही निकाय की मासिक बैठक आयोजित की। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।

इसके बाद नगर निकाय के क्लब कक्ष में केएमसी चेयरपर्सन माला रॉय के नेतृत्व में सत्र आयोजित किया गया।

नगर निकाय का कक्ष बंद रहने के कारणों की तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है।

कोलकाता के उप महापौर और वार्ड संख्या-11 से पार्षद अतीन घोष ने कहा, ‘‘चेंबर सुबह से बंद था। पार्षदों के साथ प्रारंभिक चर्चा के बाद, यह निर्णय लिया गया कि सत्र क्लब रूम में आयोजित किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सत्र निर्धारित समय पर आयोजित किया गया। हमने वैकल्पिक व्यवस्था की और कार्यवाही शुरू की।’’

इस बीच, हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद शुक्रवार को होने वाली केएमसी की पहली मासिक बैठक को बुधवार को एक अधिसूचना जारी कर रद्द कर दिया गया था।

नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मासिक बैठक को रद्द करने के संबंध में केएमसी आयुक्त कार्यालय से कोई स्पष्टीकरण नहीं मिला है।’’

तृणमूल पार्षद ने दावा किया कि केएमसी नियमों के तहत, अनिवार्य मासिक बैठक आयोजित नहीं किये जाने से संवैधानिक संकट की स्थिति पैदा हो सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून बहुत स्पष्ट है। नगर निकाय के कामकाज के लिए मासिक बैठक आवश्यक है।’’

केएमसी का चुनाव इस साल के उत्तरार्ध में होना है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश