टीवीके अध्यक्ष विजय ने 603 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की, पत्नी करीब 16 करोड़ की मालकिन

Ads

टीवीके अध्यक्ष विजय ने 603 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की, पत्नी करीब 16 करोड़ की मालकिन

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 08:47 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 08:47 PM IST

चेन्नई, 30 मार्च (भाषा) अभिनय से राजनीति में आए एवं तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक अध्यक्ष विजय ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा के लिए दाखिल अपने नामांकन पत्र के साथ संलग्न हलफनामे में 603.20 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की जानकारी दी है।

विजय (52) ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए हलफनामे में खुलासा किया कि उनके पास 404.58 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उन्होंने बताया कि उनके पास कुल 198.62 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें कोडाइकनाल में कृषि भूमि और चेन्नई में वाणिज्यिक और आवासीय संपत्तियां शामिल हैं।

टीवीके अध्यक्ष ने पत्नी संगीता की अलग से संपत्ति घोषित की है। संगीता के पास कुल 15.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 15.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।

विजय ने बताया कि उनके पास दो लाख रुपये की नकदी और विभिन्न बैंक खातों में 213 करोड़ रुपये जमा राशि है।

हलफनामा के मुताबिक, टीवीके अध्यक्ष के पास कई करोड़ रुपये मूल्य की महंगी गाड़ियां भी हैं, जिनमें बीएमडब्ल्यू 530, टोयोटा लेक्सस, टोयोटा वेलफायर और बीएमडब्ल्यू आई7 शामिल हैं। उनके पास 883 ग्राम सोने के गहने और 15 लाख रुपये के चांदी के सामान हैं।

विजय पर बैंकों या वित्तीय संस्थानों की कोई देनदारी या बकाया राशि नहीं है और वित्तवर्ष 2024-25 में उनकी कुल आय 184.53 करोड़ रुपये थी।

विजय ने हलफनामे में कहा है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया गया है।

टीवीके प्रमुख ने बताया कि 1992 में चेन्नई के लोयोला कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। उन्होंने 1989 और 1991 में क्रमशः 10वीं और 12वीं की पढ़ाई प्राइवेट माध्यम से पूरी की है।

विजय 23 अप्रैल को तमिलनाडु विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव में पेरम्बूर और तिरुचि पूर्व, दो सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश