ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों से मारपीट करने के आरोप में दो गिरफ्तार

Ads

ऋषिकेश में हरियाणा के पर्यटकों से मारपीट करने के आरोप में दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 09:36 PM IST

ऋषिकेश (उत्तराखंड), 22 मई (भाषा) ऋषिकेश में एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के बाद मारपीट का शिकार हुए हरियाणा के पर्यटकों की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

पुलिस के मुताबिक, काले की ढाल में बुधवार शाम हुई इस घटना के संबंध में कैथल के सतवीर सिंह की तहरीर पर भरत विहार ट्रक यूनियन पार्किंग क्षेत्र से अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार किया गया ।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी काले की ढाल के रहने वाले हैं ।

उसने बताया कि घटना में शामिल अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं ।

तहरीर के मुताबिक, सतवीर अपने साथियों के साथ कार से ऋषिकेश घूमने आया था जहां काले की ढाल क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई गलतफहमी के बाद मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई तथा उसमें शामिल कुछ व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की ।

इस घटना में सतवीर तथा उसके साथियों को चोटें आईं तथा उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

तहरीर के आधार पर ऋषिकेश थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गयी और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया ।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ जिसमें पर्यटकों को पिटते देखा जा सकता है । आरोप है कि क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए ।

हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शा जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार