नमक्कल (तमिलनाडु), दो जून (भाषा) नमक्कल के कुमारपलायम में अलग-अलग घटनाओं में तीन वर्षीय एक बच्ची सहित दो नाबालिग लड़कियों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जिसके बाद पीड़िताओं के परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं के संबंध में बालकों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इन घटनाओं से लोगों में व्यापक आक्रोश फैल गया। एक जून को स्थानीय थाने के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया और पुलिस से संदिग्ध को उनके हवाले करने की मांग की।
इसके अलावा पल्लीपलायम-सेलम मार्ग पर चक्काजाम किया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हुआ। कुछ लोगों ने 59 वर्षीय संदिग्ध पर उस समय हमला करने का प्रयास किया, जब पुलिस उसे थाने ले जा रही थी।
नमक्कल के जिला कलेक्टर एल. मधुबालन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस. विमला ने आक्रोशित भीड़ को शांत किया और आरोपी के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से हट गए और पुलिस संदिग्ध को स्थानीय अदालत ले गई।
अधिकारियों ने बताया कि तीन वर्षीय बच्ची रविवार शाम को अपने घर के पास खेल रही थी, तभी उसके 59 वर्षीय पड़ोसी ने उसका कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। बच्ची के माता-पिता की शिकायत पर कुमारपलायम पुलिस ने आरोपी को एक जून को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, 62 वर्षीय एक स्थानीय दिहाड़ी मजदूर ने 12 वर्षीय एक बच्ची को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर उसका यौन उत्पीड़न किया। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
दोनों बच्चियों का कुमारपलायम के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा